नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार वर्गफीट से अधिक संपत्तियों के टैक्स की होगी सघन जांच, गड़बड़ी पर लगेगा जुर्माना

SHARE:

गौरेला पेंड्रा मरवाही । नगरपालिका गौरेला ने टैक्स चोरी करने वालों पर नकेल कसने की तैयारी कर लिया है।पालिका प्रशासन ने सभी बड़ी संपत्तियों की भौतिक जांच कराने का निर्देश दिया है। नगर पालिका सीएमओ नारायण साहू ने इसके लिए विशेष टीम का गठन किया हैं। इसमें राजस्व प्रभारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। टीम काे 2 हजार वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल वाली संपत्तियों की विशेष जांच करने का निर्देश दिया गया है।

88 की जांच में 53 में मिली थी गड़बड़ी

दरअसल वर्ष 2013-24 में 88 बड़ी संपत्तियों की सूची तैयार की गई थी। माना गया था कि इनके सम्पत्ति टैक्स का निर्धारण सही प्रकार से नहीं किया गया है। जांच के बाद चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। 53 संपत्तियों के करदाता की ओर से घोषित संपत्ति के क्षेत्रफल में विचलन पाया गया। इसको देखते हुए जांच कराने का निर्णय लिया गया है। नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 126 एवं धारा 127-क और छत्तीसगढ़ नगरपालिका(भवन/भूमि के कर योग्य सम्पत्ति मूल्य का निर्धारण)नियम 2021 के आधार पर टैक्स डिमांड अपडेट किया जाएगा। पालिका प्रशासन इसके जरिए अपनी आय में बढ़ोतरी और सम्पत्ति कर की गड़बड़ी को दूर करने की योजना तैयार कर रहा है। सीएमओ ने यह भी बताया है कि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा समीक्षा बैठक में निकाय की सम्पत्ति कर वसूली को सुदृढ़ करने एवं ऑनलाइन करने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है। सम्पत्ति कर के पुनर्निधारण से राजस्व वसूली में वृद्धि और टैक्स चोरी को रोकने में सफलता मिलेगी।

Leave a Comment