मरवाही में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन, जनता ने सड़क निर्माण की मांग उठाई

मरवाही। भारतीय जनता पार्टी उत्तर मण्डल मरवाही की ओर से शनिवार, 11 अक्टूबर को ग्राम पंचायत मटियाडाड़ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे मरवाही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

जनता ने सड़क निर्माण की रखी मांग

मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व मरवाही विधानसभा क्षेत्र की जनता ने एक प्रमुख जनमांग रखी है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत चलचली से भेड़वा नाला (छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा) तक करीब 6 से 7 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के चौड़ीकरण (5 किमी) एवं डामरीकरण (2 किमी) की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्षों से जर्जर अवस्था में है। इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं।
पिछले दो वर्षों में दो दर्जन से अधिक सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मंच से इस सड़क निर्माण की घोषणा करने की अपील की है।
इस मांग का समर्थन ग्राम पंचायत चलचली, धनोरा, मउहार टोला, परासी, चंगेरी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने किया है।

ग्राम पंचायत परासी से ठाकुर बृजेश सिंह, राकेश सिंह दीक्षित, आत्मा सिंह दीक्षित, सरपंच शिव कुमार अगरिया, भारत लाल केवट, मुकेश सिंह दीक्षित, भारत सिंह आदि ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री से जनता की इस समस्या का निराकरण करने की बात कही है।

Leave a Comment