नागपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा दिनांक 16 मार्च 2026 (सोमवार) को प्रातः 11:00 बजे मंडल मुख्यालय में प्रथम त्रैमासिक पेंशन अदालत–2026 आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
इस पेंशन अदालत का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं मौके पर ही निपटारा करना है। पेंशन अदालत में केवल पेंशन से संबंधित मामलों पर ही विचार किया जाएगा, जैसे – पेंशन का गलत निर्धारण, पारिवारिक पेंशन से संबंधित प्रकरण, विकलांगता पेंशन, डीसीआरजी (DCRG) से संबंधित मामले तथा अन्य पेंशन भुगतान से जुड़े विषय शामिल है।
पेंशनभोगियों/पारिवारिक पेंशनभोगियों से अनुरोध है कि वे अपने अभ्यावेदन संलग्न दस्तावेजों सहित बंद लिफाफे में प्रस्तुत करें, जिस पर स्पष्ट रूप से “पेंशन अदालत – 16 मार्च 2026” अंकित होना चाहिए।
यह विशेष रूप से अवगत कराया जाता है कि पेंशन के अतिरिक्त अन्य प्रकार की शिकायतों, जैसे – अनुकम्पा नियुक्ति, भर्ती, ओटी/टीए/फिक्सेशन का बकाया, रेलवे क्वार्टर आवंटन, उत्तराधिकार से संबंधित मामले, पूर्व पेंशन अदालतों में अंतिम रूप से निपटाए गए प्रकरण (86 पूर्व एवं 86 के बाद के मामले) आदि पर इस अदालत में विचार नहीं किया जाएगा। इसी प्रकार नीतिगत विषयों, कानूनी बिंदुओं अथवा रेल मंत्रालय स्तर पर लंबित स्पष्टीकरण से संबंधित मामलों को भी पेंशन अदालत के दायरे में शामिल नहीं किया जाएगा।
दिनांक 16.03.2026 को आयोजित पेंशन अदालत में विचारार्थ प्रकरणों हेतु अभ्यावेदन 27.02.2026 तक या उससे पूर्व इस कार्यालय में प्राप्त हो जाने चाहिए। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त अभ्यावेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
नागपुर मंडल रेल प्रशासन सभी संबंधित पेंशनभोगियों से अपील करता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु समय पर आवेदन प्रस्तुत करें।



