मरवाही। जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के अंतर्गत ग्राम पंचायत चंगेरी, परासी, गनया, धनोरा, कटरा, उसाढ़ एवं बेलझीरिया में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। अघोषित बिजली कटौती के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों अंधेरा छाया रहता है, जिससे आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता का आलम यह है कि कई जगहों पर ट्रांसफार्मर फेल होने के बावजूद उन्हें बदला नहीं गया है, बल्कि अस्थायी रूप से सीधे तार जोड़कर जोखिमपूर्ण तरीके से बिजली प्रवाहित की जा रही है, जिससे बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।
बिजली बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से स्थानीय निवासियों में विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



