मरवाही । लवकेश सिंह दीक्षित । ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के संकल्प का एक और सकारात्मक परिणाम सामने आया है। मरवाही जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम परासी में पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा पूर्व माध्यमिक शाला के भवन का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है।
क्या था मामला?
विगत दिनों हमारे द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी कि कैसे 12 महीनों से स्कूल भवन का काम अधर में लटका हुआ है। खबर में इस बात का खुलासा किया गया था कि पुरानी संरचना को ध्वस्त करने के बाद छात्र बुनियादी सुविधाओं के बिना अस्थायी जगहों पर बैठने को मजबूर थे। साथ ही, बजट का बड़ा हिस्सा जारी होने के बावजूद कार्य की प्रगति शून्य थी और अधिकारी जिम्मेदारी लेने से कतरा रहे थे।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
खबर प्रकाशित होने और प्रशासनिक गलियारों में इसकी चर्चा होने के बाद संबंधित विभाग और ठेकेदार की नींद टूटी। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल निर्देश जारी किए, जिसके परिणामस्वरूप अब कार्यस्थल पर निर्माण सामग्री पहुँच चुकी है और मजदूरों ने काम दोबारा शुरू कर दिया है।
गंभीर सवाल अभी भी बरकरार
हालांकि काम शुरू होना राहत की बात है, परतु सवाल अभी भी वही है कि पुराने तरीके फिर से दोहराए तो नहीं जाएंगे? क्या फिर से काम बंद तो नहीं हो जाएगा? ग्रामीणों का यही सवाल है कि इतना बड़ा मामला होने के बाद भी ठेकेदार के ऊपर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस बार निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो।




