बिलासपुर/बिल्हा। बिल्हा ब्लॉक के ग्राम गतौरी के साथ-साथ (बेलतरा विधानसभा) में इन दिनों ग्रामीणों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गांव के तालाब सुखने की स्थिति में हैं और भूजल स्तर नीचे गिरने के कारण बोरिंग में भी पानी कम हो गया है। ऐसी स्थिति में ग्रामीण पूरी तरह सरकारी जलापूर्ति पर निर्भर हैं, लेकिन जल जीवन मिशन का लाभ उन्हें अब तक नहीं मिल पाया है।
गांव में लाखों की लागत से पानी की टंकी का निर्माण तो करा लिया गया है, लेकिन इसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि: टंकी बनने के बाद भी अब तक गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई है। पाइपलाइन विस्तार का काम भी अधूरा है, जिससे गांव के कई परिवार नल कनेक्शन से वंचित रह गए हैं। जिन घरों में नल लगाए गए हैं, वहां भी पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार विभाग को अवगत कराया गया है, इसके बावजूद अब तक न तो सप्लाई चालू की गई और न ही अधिकारियों ने गांव की सुध ली है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह योजना अधर में लटकी हुई है, जिससे शासन के पैसों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की स्थिति का मुआयना कर जल्द से जल्द वाटर सप्लाई चालू की जाए और छूटे हुए घरों में पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।



