0- भारत स्काउट एवं गाइड की वार्षिक बैठक आयोजित, राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त जिला मुख्य आयुक्त सहित प्रशिक्षित स्काउटर-गाइडर सम्मानित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । भारत स्काउट एवं गाइड, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की वार्षिक बैठक का आयोजन स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ किया गया। बैठक में जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज जैन ने कहा कि स्काउटिंग का मुख्य उद्देश्य जिले के बच्चों को राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए तैयार करना है। इसके लिए विद्यालयों में स्काउटिंग गतिविधियों का प्रभावी संचालन तथा विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशन में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के कुर्सियांग में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट बेसिक कमिश्नर कोर्स का सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज जैन का जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पेंड्रा आर.एन. चंद्रा ने शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. जैन ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं नवाचारों को उपस्थित स्काउटर एवं गाइडरों के साथ साझा किया।
बैठक में जिले से राष्ट्रीय स्तर का कमिश्नर कोर्स पूर्ण करने वाले चार प्रशिक्षित स्काउटर-गाइडर—श्रीमती अर्चना सामुएल मसीह, डॉ. ऐशले कैनेथ डगलस, श्री कृष्ण पाल उईके एवं श्री विजय कुमार कोरी—का भी सम्मान किया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने स्काउट-गाइड अंशदान, जिला स्तरीय वृक्षारोपण अभियान तथा सभी विद्यालयों में नियमित रूप से स्काउट-गाइड दलों के संचालन पर विशेष जोर दिया। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.एन. चंद्रा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में स्काउटिंग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों का व्यापक विस्तार करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में बेसिक कोर्स, द्वितीय सोपान एवं तृतीय सोपान प्रशिक्षण को गति देने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा सैनिक भाइयों के लिए रक्षा सूत्र तैयार करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती अर्चना सामुएल मसीह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री मोरध्वज, जिला सचिव श्री रामकृष्ण कश्यप, संयुक्त सचिव श्रीमती संगीता कैवर्त, ब्लॉक सचिव श्री विजय कुमार कोरी, श्री पवन राठौर, श्री कृष्ण पाल उईके सहित जिले के 102 स्काउटर-गाइडर उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।



