जिले की दो स्वास्थ्य संस्थाओं को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन
आमाडांड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और परासी उप स्वास्थ्य केंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की उपलब्धि
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 14 नवंबर 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। विकासखंड पेण्ड्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाडांड एवं विकासखंड मरवाही के उप स्वास्थ्य केंद्र परासी को भारत सरकार के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है। दोनों स्वास्थ्य संस्थाओं ने निर्धारित राष्ट्रीय गुणवत्ता मापदंडों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाता है। इन सभी निर्धारित मानकों के आधार पर दोनों संस्थाओं को प्रमाणन प्रदान किया गया है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य संस्थाओं में सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का सकारात्मक परिणाम है कि जिले की दो स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने इस उपलब्धि को जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम है।
इस उपलब्धि को हासिल करने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक विभा टोप्पो एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का समन्वय, सतत निगरानी और मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा।
राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन मिलने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान मिली है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



