5 दिवसीय BNI व्यापार एवं उद्योग मेले का भव्य शुभारंभ

  • अरुण साव ने कहा: “बिलासपुर और उद्योग की तरक्की के लिए मैं अग्रसर हूं”

  • बीएनआई टीम करेगी डायलिसिस मशीन दान, बिलासपुर के विकास में सहयोग का संकल्प

बिलासपुर। शहर के साइंस कॉलेज मैदान में शुक्रवार को बीएनआई द्वारा आयोजित पांच दिवसीय व्यापार और उद्योग मेले का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। दीप प्रज्ज्वलन के साथ मेले की विधिवत शुरुआत हुई। इस अवसर पर बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

व्यापार मेले की भव्यता और सफलता

10 जनवरी को प्रारंभ हुए इस मेले का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों की उम्मीदें पूरी हुईं। 14 जनवरी तक चलने वाले इस मेले में व्यापार और उद्योग को एक नई दिशा देने के लिए 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। कश्मीर से लेकर विभिन्न राज्यों के उत्पाद, फूड सेक्शन में 37 से अधिक स्टॉल, और ऑटोमोबाइल से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक के प्रमुख संस्थानों की भागीदारी ने इसे आकर्षक बनाया है।

उपमुख्यमंत्री का वक्तव्य

मुख्य अतिथि अरुण साव ने बीएनआई टीम को मेले के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह मेला बिलासपुर के विकास का प्रतीक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिलासपुर के उद्योगों की तरक्की के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। साव ने पर्यटन को उद्योग के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

अतिथियों की सराहना

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने बीएनआई के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए डायलीसिस मशीन दान के प्रयास को सराहनीय बताया। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने इस मेले को “मिनी भारत” कहा और बिलासपुर के उद्योगपतियों की सराहना की। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बीएनआई के प्रयासों से बिलासपुर का नाम व्यापार की दुनिया में जुड़ रहा है।

मेले की विशेषताएं और सामाजिक पहल

बीएनआई ने मेले के पहले दिन 11 समाजसेवियों का सम्मान किया और जरूरतमंदों के लिए डायलिसिस मशीन दान करने की घोषणा की। शनिवार को सैनिक परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। मेले में ब्लड डोनेशन कैंप और 150 से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।

मनोरंजन और सहभागिता

मेले में 10 से अधिक झूले, मैजिक शो और बच्चों के मनोरंजन की व्यवस्था ने इसे और आकर्षक बना दिया है। प्रमुख कंपनियों जैसे महिंद्रा, फॉक्सवैगन, और अपोलो हॉस्पिटल ने भी अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की हैं।

यह मेला न केवल व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने का माध्यम बना है, बल्कि सामाजिक योगदान और जनसंपर्क को भी नई ऊंचाई पर ले गया है।

धान उपार्जन केंद्र में 13 लाख का धान जब्त

बिलासपुर । उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान का भौतिक इन दिनों चल रहा है।कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर राजस्व और खाद्य तथा सहकारिता विभाग की टीम मुस्तैदी से लगी है। इस क्रम में विकासखण्ड मस्तुरी में स्थिति धान उपार्जन केन्द्र सेवा सहकारी समिति देवरी का तहसीलदार एवं खाद्य निरीक्षक द्वारा जॉच करते हुए भौतिक सत्यापन किया गया।  जाँच के दौरान उपार्जन केन्द्र परिसर में उपलब्ध समस्त धान की गणना की गई एवं बोरो का रैण्डम वजन किया गया। उपार्जन केन्द्र में भौतिक रूप से उपलब्ध धान की मात्रा का ऑनलाईन खरीदी मात्रा से मिलान करने पर सेवा सहकारी समिति देवरी में 1071 कट्टी (428.4 क्विंटल) धान अधिक पाया गया। उपरोक्तानुसार अधिक प्राप्त धान को जप्त किया जाकर समिति के पदाधिकारियों के विरूद्ध प्रकरण निर्मित किया गया है। प्रकरण में सहकारिता विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जावेगी।

नगर निगम में 22 आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति

बिलासपुर। स्वजन के असामायिक निधन के बाद नौकरी की बांट जोह रहें 22 आश्रितों को आज नगर पालिक निगम बिलासपुर में अनुकंपा नियुक्ति के तहत नौकरी प्रदान की गई। नियुक्ति पत्र पाकर आश्रितों के चेहरे खिल उठें,अपनी नियुक्ति से गदगद सभी आश्रितों ने उप मुख्यमंत्री अरूण साव से मिलकर त्वरित गति से प्रक्रिया को पूर्ण कर अनुकंपा प्रदान करने पर आभार व्यक्त किया।विदित है की उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 31 दिसंबर  को विभागीय अधिकारियों के साथ नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की थी । समीक्षा बैठक में अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रियाएं 10 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए थे,जिसके परिपालन में नगर निगम बिलासपुर द्वारा युद्धस्तर पर कार्य करते हुए सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए आज नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया गया।
इससे पूर्व कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में कलेक्टर एवं नगर निगम के प्रशासक अवनीश शरण ने आश्रितों को चतुर्थ श्रेणी  के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया।इस दौरान निगम कमिश्नर अमित कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए कहा की सेवा के दौरान मन लगाकर काम करें तथा संस्थान को अपना परिवार समझ के उसकी प्रगति में अपना शत् प्रतिशत योगदान दें।इस पद पर आश्रितों का अधिकार था,जो आज उन्हें मिल गया,इससे निगम की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया करने और आश्रितों को नियुक्ति देने पर कलेक्टर एवं प्रशासक श्री अवनीश शरण ने नगर निगम की तारीफ करते हुए कहा की मान.मुख्यमंत्री एवं मान. उपमुख्यमंत्री जी तथा शासन की मंशा अनुरूप क्रियान्वयन किया गया है, यह काबिले तारीफ है।
इन्हें मिली नौकरी
01. नीता ठाकुर, 02. रानो उर्फ क्षमता, 03. वेद प्रकाश
,04. अन्नपूर्णा सोनी, 05. परिवेश परिहार,06. लक्ष्मी जनोकर
,07. गीता श्रीवास,08. हसीना बानो,09. नीलेश श्रीवास
,10. अजीत,11. मो. यूनूस खान,12. श्रीमनगर निगम में 22 आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्तिती मीना पाल,13. श्रीमती बीना
,14. शेख अमीन उल्ला,15. विनोद कुमार डागोर,16. मीरा तिवारी
,17. रजनी गुप्ता,18. प्रदीप बघेल,19. शेखर मार्को,20. मो. यूनूस
,21. संजय कुमार,22.  रेशमा मलिक

रेल प्रशासन और मजदूर कांग्रेस की बैठक सम्पन्न

बिलासपुर ।  आज दिनांक 10 जनवरी 2025 को मंडल सभागार में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल की उपस्थिति में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक आयोजित की गई । इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार देवांगन, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री चंद्रभूषण सहित सभी शाखाधिकारी एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस के महामंत्री श्री पीताम्बर लक्ष्मी नारायण , मंडल समन्वयक बी कृष्ण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे । मंडल रेल प्रबंधक द्वारा नवनिर्वाचित श्रम संगठन के पदाधिकारियों का एवं श्रम संगठन द्वारा मंडल रेल प्रबंधक का स्वागत किया गया ।

तत्पश्चात वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अंशुमन मिश्रा के द्वारा स्वागत भाषण दिया गया । मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं मंडल रेल प्रबंधक के मध्य सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रशासन के सभी कार्यों में सहयोग करने की बात कही।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप रेल की प्रगति एवं विकास में अपना बहुमूल्य सुझाव के साथ ही कर्मचारी कल्याण के मुद्दों से रेल प्रशासन को अवगत कराएं । हम चाहते हैं कि हम सभी मिलकर न केवल समस्याओं का समाधान करेंगे, बल्कि भविष्य के लिए ऐसी रणनीति बनाएँगे जिससे न केवल संगठन और कर्मचारी, बल्कि हमारी पूरी रेल व्यवस्था प्रगति की ओर बढ़े।

भाजपा के विष्णु महापौर पद के प्रमुख दावेदार, संगठन और अनुभव से मिली ताकत

बिलासपुर। नगरीय निकाय चुनाव के आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद महापौर पद के दावेदारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा में अधिवक्ता विष्णु सोनी का नाम संभावित उम्मीदवारों में प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। पार्टी में उनकी संगठनात्मक पकड़, लंबे अनुभव और सक्रियता के चलते वे एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

अधिवक्ता विष्णु सोनी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े और छात्र राजनीति के दौरान संगठन में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। वर्तमान में वे समाज की केंद्रीय समिति में संगठन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

पिछले 25 वर्षों से भाजपा में लगातार सक्रिय रहने वाले अधिवक्ता विष्णु सोनी ने संगठन के विभिन्न अभियानों और नीतियों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा की आरटीआई प्रकोष्ठ के सदस्य हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, कानूनी अनुभव और जनसंपर्क का व्यापक दायरा उन्हें भाजपा नेतृत्व की पसंद बना सकता है।

खास बातचीत में अधिवक्ता विष्णु सोनी ने कहा, “मैंने हमेशा पार्टी और समाज के हित में काम किया है। यदि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद और विश्वास मिला, तो मैं महापौर का चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं। मेरा उद्देश्य बिलासपुर के विकास को नई दिशा देना है। साफ-सफाई, पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।”

भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि अधिवक्ता विष्णु सोनी की संगठनात्मक क्षमता और समर्पण ने उन्हें दावेदारों की सूची में प्रमुख स्थान दिलाया है। उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि पार्टी के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकती है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा नेतृत्व महापौर पद के लिए किसे टिकट देता है। अधिवक्ता विष्णु सोनी की उम्मीदवारी ने बिलासपुर की राजनीतिक चर्चाओं को और अधिक तेज कर दिया है।