मरवाही । पीएम श्री शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES) मरवाही में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा” का लाइव टेलीकास्ट विद्यार्थियों को दिखाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के स्मार्ट कक्षा कक्ष में सुव्यवस्थित रूप से किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी संबोधन सुना।
इस अवसर पर मरवाही विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर. एन. चंद्रा एवं बीआरसी मरवाही अजय राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के प्राचार्य शैलेन्द्र अग्निहोत्री के नेतृत्व में सभी व्याख्याता, शिक्षकगण, कार्यालयीन कर्मचारी एवं समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का उत्सव मानकर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, एकाग्रता तथा नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
मरवाही विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर. एन. चंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंकों का मूल्यांकन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और परिश्रम की परीक्षा भी होती है। बीआरसी अजय राय ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, तनाव को कम करना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ सफलता की ओर अग्रसर करना रहा।




