पालिक्लिनिक मोतीबाग में बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर एवं एचपीवी टीकाकरण का व्यापक आयोजन

SHARE:

नागपुर  । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के पालिक्लिनिक मोतीबाग में आज दिनांक 21/02/2026 को मंडल के अधिकारियों के लिए एक बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. किशोर कुमार सहित मंडल के लगभग 35 अधिकारियों ने भाग लिया तथा अपने स्वास्थ्य की विस्तृत जांच कराई।

शिविर के दौरान अधिकारियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप परीक्षण, रक्त शर्करा (मधुमेह) जांच, हृदय संबंधी प्रारंभिक परीक्षण तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सकों द्वारा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं तनाव प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिकारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आदत विकसित करना तथा कार्यक्षमता को बनाए रखने में सहायता प्रदान करना है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ अधिकारी ही संगठन को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. किशोर कुमार ने बताया कि समय-समय पर किए जाने वाले स्वास्थ्य परीक्षण से संभावित रोगों की शीघ्र पहचान संभव होती है, जिससे समय रहते उचित उपचार किया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त आज ही शनिवार को 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु पालिक्लिनिक मोतीबाग, नागपुर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कुल 21 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंडल प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।

[the_ad id='179']

Leave a Comment

और पढ़ें
[the_ad id='15212']