गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मरवाही विकासखंड के निमधा गांव पहुंचेंगे। यहां वे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11:30 बजे निमधा गांव पहुंचेगा। दौरे के दौरान वे ग्रामीणों से मुलाकात कर शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर फीडबैक लेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले 4 जून को मरवाही विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लमना में प्रस्तावित था, लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। बाद में बिलासपुर में आयोजित एक बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने मुख्यमंत्री को बताया कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नागरिक उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल नया कार्यक्रम तय करते हुए निमधा गांव पहुंचने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भी मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
सुशासन तिहार के इस दौरे को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री सीधे ग्रामीणों से संवाद कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों के निर्देश देंगे।
Author: Lovekesh Singh Dixit
Bureau Chief Gaurela Pendra Marwahi Mo. No. +918085565657



