मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार डॉग स्क्वॉड की मदद से हुई पतासाजी, चार नाखून बरामद; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

SHARE:

मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार डॉग स्क्वॉड की मदद से हुई पतासाजी, चार नाखून बरामद; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । 4 सितंबर 2026। वन्यजीव संरक्षण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र मरवाही के मरवाही वृत्त अंतर्गत उसाढ़ परिसर के कक्ष क्रमांक 2035 में मृत मिले भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं।

वन विभाग को 3 सितंबर को कक्ष क्रमांक 2035 में भालू के मृत होने की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल सर्च एवं पतासाजी अभियान शुरू किया।

डॉग स्क्वॉड की सहायता से क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने सुदर्शन यादव (54 वर्ष), निवासी ग्राम बरौर तथा सूरज साहिस (20 वर्ष), निवासी ग्राम बरौर को पकड़ा। दोनों के कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम, फिर किया गया दाह संस्कार

वन विभाग द्वारा सर्च एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत भालू का पशु चिकित्सकों की टीम की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया गया। पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया भालू की मृत्यु का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया है। पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मृत भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया।

दाह संस्कार के दौरान वनमंडलाधिकारी मरवाही श्री कुमार निशांत सहित पशु चिकित्सकों की टीम एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के मृत पाए जाने पर उसके शव, अंग अथवा अन्य अवशेषों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। वन्यजीव से संबंधित कोई भी घटना सामने आने पर तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें