ग्रामीण महिला की मौके पर कराई स्वास्थ्य जांच, आवश्यकता पर तत्काल कराया भर्ती
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ समय पर समुचित उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल पहुंची एक ग्रामीण महिला के स्वास्थ्य की कलेक्टर ने स्वयं जानकारी ली। उन्होंने अपने समक्ष महिला का रक्तचाप, वजन सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सकीय आवश्यकता को देखते हुए महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रसूति ओपीडी, वैक्सीन संग्रहण कक्ष, ड्रेसिंग रूम, ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन सेवा कक्ष तथा आईपीडी के महिला एवं पुरुष वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की पहचान, नियमित निगरानी एवं उपचार की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक जांच एवं उपचार समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुरक्षित मातृत्व एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिल सके।
कलेक्टर ने ओपीडी पंजी का अवलोकन कर प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध दवाइयों की एक्सपायरी डेट की भी जांच की तथा दवाओं के सुरक्षित भंडारण और मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने मौके से ही दूरभाष के माध्यम से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सकों को निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




