रायपुर। आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ के शुभारंभ समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में हॉकी की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने, युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और खेलों के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
श्री तोखन साहू ने कहा कि “चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं को खेल, अनुशासन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने का संदेश है। हॉकी भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा, जशपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में हॉकी के प्रति विशेष उत्साह और प्रतिभा देखने को मिलती है। प्रदेश के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के युवा खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन और राज्य सरकार के प्रयासों से खेलों को प्रोत्साहन देने तथा युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, अनुभव प्राप्त करने और भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर सकती है।
श्री साहू ने आयोजकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने सभी से प्रदेश में हॉकी सहित विभिन्न खेलों की संस्कृति को मजबूत बनाने और युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को खेल जगत में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



