मरवाही। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र के मटियाडांड इलाके में 52 हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से मौजूद है। हाल ही में दल की एक मादा हाथी ने बच्चे को जन्म दिया है। इसके बाद हाथियों के आसपास जाने से ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है। इसी बीच हाथी के हमले में रुमंगा निवासी कमला पुरी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कमला पुरी हाथियों को देखने जंगल की ओर चले गए थे। इसी दौरान एक हाथी ने उन्हें उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग की टीम ने उन्हें तत्काल मरवाही स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद भी हाथियों को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट रही है। इससे एक और हादसा होने की आशंका बनी हुई है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने, शोर नहीं करने तथा हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही है।
प्रशासन से अपील की गई है कि हाथियों के आसपास जुटने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जाए और किसी को भी उनके नजदीक जाने की अनुमति न दी जाए। हाथियों के प्राकृतिक विचरण में बाधा न डालते हुए उन्हें शांतिपूर्वक घूमने दिया जाए। निगरानी दल भी सुरक्षित दूरी से नजर रखें, ताकि ग्रामीणों और हाथियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को देखने के लिए जंगल की ओर न जाएं और उनके नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने से बचें। सावधानी बरतकर ही ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।



