बॉलीवुड मशहूर अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने हाल ही में खुलासा किया कि फिल्म सीता रामम में रश्मिका मंदाना के किरदार के लिए पहले उनसे संपर्क किया गया था। हालांकि, निर्देशक हनु राघवपुडी को लगा कि मृणाल फिल्म में सीता की भूमिका निभाने के लिए ज्यादा उपयुक्त हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की कहानी सुनी थी, तो वह भावुक हो गई थीं।
मृणाल ने कहा, नाग अश्विन सर ने मेरी फिल्म देखी और मैंने उनकी फिल्म महानटी देखी। इसके बाद उन्होंने मुझसे संपर्क किया और कहा कि एक फिल्म है, जिसकी कहानी मुझे सुननी चाहिए। उस समय, वह मुझे उस किरदार के बारे में बताने आए थे, जो रश्मिका ने निभाया है, लेकिन अचानक हनु सर को लगा कि नहीं, यही मेरी सीता है। वहीं मेरे मन की आवाज भी यही कह रही थी कि मुझे ही सीता बनना है।
मृणाल ने आगे कहा, मैंने सर से कहा कि राजकुमारी बनना मेरा सपना था और मुझे खुशी है कि मुझे ऐसा किरदार निभाने का मौका मिला। इसी तरह सीता रामम मिली। मेरे मन की आवाज मुझसे कह रही थी कि मुझे ही सीता बनना है; सीता रामम में मृणाल ठाकुर के अलावा कोई और सीता का किरदार नहीं निभा सकता। जब मैंने कहानी सुनी, तो मैं रो पड़ी और उन सभी भावनाओं को गहराई से महसूस किया।
2022 में रिलीज हुई सीता रामम तेलुगु रोमांटिक ड्रामा है, जिसका निर्देशन हनु राघवापुडी ने किया है। इसमें मृणाल और रश्मिका के अलावा दुलकर सलमान भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में मृणाल का अभिनय उनके करियर के सबसे यादगार किरदारों में से एक है।
