अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित पौराणिक महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ के पहले भाग की रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। निर्माताओं ने पहले घोषणा की थी कि फिल्म का पहला भाग दिवाली के अवसर पर प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। हालांकि, अब चर्चा है कि ‘रामायण: भाग 2’ की रिलीज को एक साल आगे बढ़ाकर 2028 तक टाला जा सकता है। बताया जा रहा है कि इसके पीछे निर्माण कार्य में लगने वाला अतिरिक्त समय और अभिनेता प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ से संभावित टकराव से बचने की रणनीति हो सकती है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।
हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजिल्स स्थित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में फिल्म ‘रामायण’ का प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के बाद फिल्म के दूसरे भाग की रिलीज को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल हुए फिल्म समीक्षक ‘ञ्चक्रड्डद्वड्डह्यस्ष्ह्म्द्गद्गठ्ठ’ ने कथित तौर पर ‘रामायण: भाग 2’ की रिलीज 2028 में होने का संकेत दिया। दरअसल, सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर एक प्रशंसक ने उनसे सवाल पूछा था कि फिल्म का दूसरा भाग 2027 में प्रदर्शित होगा या उसकी रिलीज 2028 तक टाल दी गई है। इस सवाल के जवाब में समीक्षक ने केवल ‘2028’ लिखा। इसके बाद से फिल्म की रिलीज में देरी की अटकलों को और बल मिला है।
‘रामायण: भाग 2’ की रिलीज टाले जाने की चर्चाएं पिछले कुछ समय से सामाजिक माध्यमों पर चल रही हैं। रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि फिल्म के बड़े स्तर के निर्माण और अन्य तकनीकी कार्यों में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है। इसी वजह से निर्माता इसकी रिलीज को एक साल आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
इसके अलावा, प्रभास अभिनीत फिल्म ‘स्पिरिट’ के साथ संभावित टकराव से बचने को भी रिलीज की तारीख में बदलाव की एक संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ‘रामायण: भाग 2’ की रिलीज की नई तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में दर्शकों को निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। आने वाले समय में ही पता चलेगा कि फिल्म 2027 में निर्धारित समय पर प्रदर्शित होगी या दर्शकों को इसके लिए 2028 तक इंतजार करना पड़ेगा।
