राज्योत्सव के विभागीय स्टॉलों में दिखी विकास की झलक

SHARE:

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने किया अवलोकन, ‘जनमन’ पत्रिका को सराहा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ।  छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर गुरुकुल खेल मैदान पेंड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्य अतिथि श्री सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभाग की मासिक पत्रिका ‘जनमन’ की सराहना की। फोटो प्रदर्शनी में महतारी वंदन, कृषक उन्नति, प्रधानमंत्री आवास, तेंदूपत्ता संग्रहण दर एवं बोनस, रामलला दर्शन, घर-घर निर्मल जल अभियान, इन्वेस्ट छत्तीसगढ़, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों को दर्शाया गया।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल में फसल प्रदर्शन एवं जैविक खेती तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा उद्यानिकी फसलों एवं ऑयल पाम की खेती के फायदे प्रदर्शित किए गए। आदिम जाति कल्याण विभाग ने पीएम जनमन, स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने आदर्श आंगनबाड़ी एवं महतारी वंदन योजना की जानकारी प्रदर्शित की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों की दीदियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों एवं खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। इसी प्रकार राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता, हाउसिंग बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला अग्रणी बैंक, श्रम, समाज कल्याण, उद्योग, पर्यटन, जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, पुलिस, परिवहन, विद्युत एवं क्रेडा सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉलों में विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की।

Leave a Comment