जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ, पहले दिन 16 उपार्जन केंद्रों में 2003.60 क्विंटल धान की खरीदी

SHARE:

0- कलेक्टर ने नवीन धान उपार्जन केंद्र कोरजा में किया खरीदी कार्य का शुभारंभ

0- ’किसानों से की चर्चा, धान की गुणवत्ता जांची और खरीदी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ।  राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। पहले दिन जिले के 16 उपार्जन केंद्रों में कुल 3292 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए, जिसके विरुद्ध शाम साढ़े पांच बजे तक ’’2003.60 क्विंटल धान का उपार्जन’’ किया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज नवीन धान उपार्जन केंद्र कोरजा पहुंचकर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पहले दिन धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने वाले छह किसानों की जानकारी ली तथा किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने किसानों से आत्मीय चर्चा कर धान खरीदी प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और किसी प्रकार की समस्या होने के बारे में पूछा।
कलेक्टर ने किसानों को शासन के नवीन प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के लिए 21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं है। किसान अपनी सुविधानुसार जितनी मात्रा में धान का विक्रय करेंगे, शेष पात्र मात्रा के संबंध में भी शासन के प्रावधानों के अनुसार बोनस राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। टोकन के अनुसार सुव्यवस्थित ढंग से धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा धान की गुणवत्ता, तौल एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जाए।

नवीन धान उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों में खुशी

नवीन धान उपार्जन केंद्र कोरजा प्रारंभ होने पर क्षेत्र के किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। किसानों ने कहा कि उनके क्षेत्र में नया उपार्जन केंद्र खुलने से धान विक्रय के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन में लगने वाले समय एवं खर्च की बचत होगी तथा धान बेचने में सुविधा मिलेगी। जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हुआ। जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा तथा सुचारू धान खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं किसान उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें