बिलासपुर । जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विजय केसरवानी और विजय पांडेय की अगुवाई में आरक्षण कटौती के खिलाफ सिविल लाइन थाना का घेराव किया। करीब 2000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। नेहरू चौक और राजेंद्र नगर चौक होते हुए सिविल लाइन थाना पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।
इससे पहले, जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में नेताओं ने आरक्षण कटौती पर सरकार की नीतियों की आलोचना की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण अधिकारों की कटौती का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान के खिलाफ है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रमुख नेताओं में शैलेश पांडे, प्रमोद नायक, जयंत मनोहर, दिलीप लहरिया, त्रिलोक श्रीवास, रामशरण यादव, तैयब हुसैन, लक्ष्मीनाथ साहू, विनोद साहू, और अरविंद शुक्ला ने खुलकर अपने विचार रखे। उन्होंने आरक्षण संशोधन को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
विजय केसरवानी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने आरक्षण को लेकर किए गए चुनावी वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिस्तरीय पंचायत और निकाय चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उन्होंने बिलासपुर जिला पंचायत और चार जनपद पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की कमी का उदाहरण पेश किया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को किया गिरफ्तार
सिविल लाइन थाना पहुंचने पर पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर उन्हें खुली जेल में रखा। इस दौरान मेयर रामशरण यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि सामान्य वर्ग के अधिकारों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने आरक्षण के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
“संविधान के खिलाफ कोई कार्रवाई बर्दाश्त नहीं”
पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण को लेकर भ्रामक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने इसे संविधान विरोधी करार दिया और कहा कि यदि आरक्षण प्रक्रिया में और संशोधन किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर आरक्षण में कथित अनियमितताओं का विरोध किया। विजय केसरवानी और विजय पांडेय ने बताया कि लगभग 2000 लोगों ने गिरफ्तारी दी और यह प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार किया गया।
कांग्रेस की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि आरक्षण अधिकारों में हस्तक्षेप जारी रहा, तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि एसटी, एससी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे।