गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । मरवाही विद्युत मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत चलचली, धनोरा, झीरियाटोला, परासी, चंगेरी, करहनी, बगरार, तेंदूमुंडा, टिकठी सहित कई आदिवासी बहुल क्षेत्रों में इन दिनों भीषण बिजली संकट बना हुआ है।
तपती गर्मी में जहां तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं इन गांवों की आम जनता बिजली के अभाव में पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए तरस रही है। सुबह से लेकर शाम तक लगातार बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले ही नई बिजली लाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हालात इतने खराब हैं कि लोग कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन करते हैं, लेकिन न तो फोन उठाया जाता है और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिलता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता के कारण जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधिकारी अपने कार्यों में लापरवाह और बेपरवाह नजर आ रहे हैं, जबकि आम जनता गर्मी और प्यास से बेहाल है।




