सर्पदंश से पीड़ित छात्र का जिला अस्पताल में उपचार जारी, कलेक्टर ने पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल

SHARE:

सर्पदंश से पीड़ित छात्र का जिला अस्पताल में उपचार जारी, कलेक्टर ने पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल

बारिश के मौसम में सर्पदंश एवं जहरीले जीव-जंतुओं के काटने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की कलेक्टर ने की अपील

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । ग्राम कोटमी, विकासखंड पेण्ड्रा स्थित छात्रावास के एक छात्र को सर्पदंश के बाद उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। छात्र का चिकित्सकीय उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी चिकित्सकों की देखरेख में की जा रही है।

कलेक्टर  विजय दयाराम के. ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर सर्पदंश से पीड़ित छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचार कर रहे चिकित्सकों से छात्र की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा छात्र के स्वास्थ्य पर निरंतर निगरानी बनाए रखने और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें

कलेक्टर  विजय दयाराम के. ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सर्प, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतें। सर्पदंश अथवा किसी जहरीले जीव के काटने की स्थिति में घबराएं नहीं और झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद न करते हुए पीड़ित को तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल लेकर जाएं।

उन्होंने कहा कि सर्पदंश जैसी आपात स्थिति में समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर उचित चिकित्सकीय उपचार मिलने से पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, झाड़ियों एवं अंधेरे स्थानों में जाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी विषैले जीव के काटने की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Comment