गांजा बिक्री की तैयारी में था आरोपी, पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा

बिलासपुर। थाना बिल्हा पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जनसूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक व्यक्ति को प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर में गांजा बिक्री के लिए रखे हुआ था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

घर में छिपाकर रखा था गांजा

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक (चकरभाठा) डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा के नेतृत्व में एक सिविल टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बिटकुली में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी सोनचंद कुर्रे (36 वर्ष) पिता सुखीराम, निवासी बिटकुली को 0.138 किलोग्राम गांजा (कीमत 1500 रुपये) के साथ गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज किया। विधिवत गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देकर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार साहू, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन कश्यप और मौसम साहू की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशे के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *