तहसील स्तरीय जनदर्शन में 45 आवेदन प्राप्त, 14 प्रकरणों का मौके पर निराकरण
पेंड्रारोड में सर्वाधिक 18 आवेदन, मरवाही में 7 प्रकरणों का तत्काल निराकरण
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । कलेक्टर विजय दयाराम के. के. के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए जिले के तहसील कार्यालयों में साप्ताहिक तहसील स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पेंड्रारोड, मरवाही, सकोला एवं पेंड्रा तहसील में आयोजित जनदर्शन में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 14 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
तहसील पेंड्रारोड में आयोजित जनदर्शन में सर्वाधिक 18 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नामांतरण एवं खाता विभाजन के 8, जन्म प्रमाण पत्र के 2 तथा अतिक्रमण, पंचायत, त्रुटि सुधार, नकल एवं एग्रीस्टैक पंजीयन से संबंधित आवेदन शामिल थे। इनमें से 3 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया।
इसी प्रकार तहसील मरवाही में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र एवं ऋण पुस्तिका प्रदाय से संबंधित आवेदन शामिल रहे। इनमें से 7 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
तहसील सकोला में कुल 5 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नकल के 2, त्रुटि सुधार के 2 तथा जन्म प्रमाण पत्र का 1 आवेदन शामिल था। इनमें से 1 आवेदन का तत्काल निराकरण करते हुए आवेदक को जन्म प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
वहीं तहसील पेंड्रा में कुल 7 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नकल, पूर्व आदेश के पालन एवं त्रुटि सुधार से संबंधित 3 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शेष आवेदनों को दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया। तहसील स्तरीय जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है।



