जीपीएम पुलिस को मिली सफलता : उठाईगिरी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकल एवं उठाईगिरी की रकम जप्त

मरवाही  ।  पुलिस ने बैंक में बुजुर्गों और ग्राहकों को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 24 मार्च 2026 की है, जब मगुरदा निवासी 75 वर्षीय लालचंद पावले जिला सहकारी बैंक मरवाही से 20,000 रुपये निकालकर बाहर निकल रहे थे। बैंक के भीतर भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने किसी नुकीली वस्तु से प्रार्थी के थैले को नीचे से काट दिया और भीतर रखे नकद पैसे पार कर दिए। जब प्रार्थी को थैला हल्का लगा और उन्होंने जांच की, तब चोरी का पता चला और तत्काल मरवाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा और एसडीओपी राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में मरवाही पुलिस और चौकी सिवनी की विशेष टीम बनाई गई। विवेचना के दौरान बैंक के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर लालपुर (मनेन्द्रगढ़) निवासी अक्षय कुमार बसोर उर्फ अजय (20 वर्ष), समीर बसोर (20 वर्ष), अजय उर्फ छोटू बसोर (24 वर्ष) और मुकद्दर बसोर (32 वर्ष) को हिरासत में लिया।

कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी की रकम और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं। जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह मनेन्द्रगढ़ और बिजुरी क्षेत्रों में भी चोरी, मारपीट और जुआ जैसे संगठित अपराधों में लिप्त रहा है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304, 331(3) और 112 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment