आबकारी विभाग की अण्डी में दबिश: 13.17 लीटर देशी-विदेशी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

अण्डी में अवैध शराब पर छापा, बालकृष्ण और प्रहलाद गुप्ता गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई की है। ग्राम अण्डी में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर कुल 13.17 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। इस दौरान बालकृष्ण गुप्ता और प्रहलाद गुप्ता नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

बालकृष्ण गुप्ता के घर से 5.73 लीटर और प्रहलाद गुप्ता के पास से 7.44 लीटर शराब मिली। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(1)(क)(ख) और 34(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

यह कार्रवाई कलेक्टर विजय दयाराम और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी कुसुमलता जोल्हे के निर्देश पर हुई। इसमें आबकारी उपनिरीक्षक चंद्रभान साहू, जागेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक कल्याण प्रसाद कहरा, आरक्षक गौरव स्वर्णकार और इंद्रभान राठौर शामिल थे।

जिले में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने वैध दस्तावेजों के बिना धान और चावल ले जाने के मामले में एक मालवाहक वाहन जब्त किया है। वाहन में धान, चावल और कोढ़ा की कुल 80 बोरियां लदी थीं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल के अवैध परिवहन की आशंका पर भी जांच की जा रही है।

खाद्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को गौरेला विकासखंड के सारबहरा ओवरब्रिज के पास चावल के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने माजदा वाहन क्रमांक CG 10 AR 3872 को रोककर जांच की।

पूछताछ में वाहन चालक घनश्याम और हेल्पर अभिषेक कुमार गोंड ने बताया कि सामग्री अमरपुर निवासी बाबूलाल गुप्ता के घर से लोड की गई थी और इसे गौरेला स्थित नर्मदा राइस मिल ले जाया जा रहा था।

टीम ने जब परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे तो चालक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद वाहन और उसमें लदी सामग्री जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी गौरेला की सुपुर्दगी में सौंप दी गई।

ग्राम निमधा में गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए एक कार तालाब में गिरने से बाल-बाल बच गई। सूरजपुर के 52 वर्षीय नौसाद अहमद किसी काम से निमधा आए थे। बीती रात वे कार से पेंड्रा लौट रहे थे। रास्ता जानने के लिए उन्होंने गूगल मैप चालू किया था।

मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए वे आगे बढ़ते गए, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद रास्ता तालाब की मेड़ पर पहुंच गया। अनजान रास्ता होने के कारण उन्हें आगे की स्थिति का अंदाजा नहीं था। जब उन्हें खतरे का एहसास हुआ तो उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार रोक दी।

इसके बाद काफी मशक्कत से वे कार से बाहर निकले। गनीमत रही कि कार तालाब में नहीं गिरी और बड़ा हादसा टल गया।

यह घटना अनजान रास्तों पर केवल गूगल मैप के भरोसे चलने के जोखिम को दिखाती है। ऐसे रास्तों पर आगे बढ़ने से पहले आसपास की स्थिति देखना और जरूरत पड़ने पर स्थानीय लोगों से रास्ते की जानकारी लेना जरूरी है।

Leave a Comment

और पढ़ें