धान खरीदी की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिले के सभी 23 केंद्रों में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश |
15 नवंबर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी, केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों के लिए बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिले के सभी 23 धान खरीदी केंद्रों में खरीदी शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने और किसानों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, शेड, छाया, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
राज्य शासन के निर्णय के अनुसार, इस वर्ष 15 नवंबर से किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। निर्धारित प्रावधानों के तहत अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय से खरीदी प्रक्रिया का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर होगी सख्ती, सीसीटीवी से होगी निगरानी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी तत्काल जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। खरीदी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी धान खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी अपर कलेक्टर आकांक्षा पांडेय, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा खाद्य, सहकारिता, मार्कफेड, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, राजस्व निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।



