राज्य मंत्री तोखन ने हुडको की सीएसआर गतिविधियों की समीक्षा की, सामाजिक दायित्वों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

SHARE:

नई दिल्ली । आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के अधिकारियों के साथ बैठक कर कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा की।

बैठक में तोखन साहू ने CSR के अंतर्गत उपलब्ध निधि के पारदर्शी, उद्देश्यपरक एवं प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इन गतिविधियों का लाभ समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से CSR के निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन, संसाधनों के समुचित उपयोग तथा गतिविधियों के परिणामों की नियमित समीक्षा करने पर बल दिया।

श्री साहू ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व केवल निधि व्यय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना है। CSR के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में सार्थक पहल की जा सकती है। उन्होंने इन गतिविधियों को जनहित एवं सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित करने की आवश्यकता रेखांकित की।

उन्होंने कहा कि CSR के अंतर्गत संचालित प्रत्येक पहल का उद्देश्य स्पष्ट होना चाहिए तथा उसके क्रियान्वयन से प्राप्त होने वाले सामाजिक लाभों का आकलन भी किया जाना चाहिए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम जनहित में उपयोग हो सके।

बैठक में HUDCO की CSR गतिविधियों को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी बनाने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के उद्देश्यों के अनुरूप उनके क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें