अभिनेता सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ ने अपने सफर के डेढ़ महीने पूरे कर लिए हैं। आमतौर पर करीब तीन महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम के मौजूदा सत्र के भी साल के अंत तक समाप्त होने की संभावना है। इस बीच शो के महा-मुकाबले यानी ग्रैंड फिनाले की तारीख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबरों के मुताबिक, निर्माताओं ने 20 दिसंबर 2026 को फिनाले आयोजित करने की योजना बनाई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिनाले की संभावित तारीख को लेकर अटकलें हाल ही में प्रसारित ‘वीकेंड का वार’ कार्यक्रम के बाद शुरू हुईं। बताया जा रहा है कि इस कड़ी में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी ने प्रतियोगियों को संकेत दिया कि वे शो का आधा सफर पूरा कर चुके हैं और विजेता की घोषणा होने में अब केवल आठ सप्ताह शेष हैं। इसके बाद से ही दर्शकों के बीच फिनाले की तारीख को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर भी शो के प्रशंसक अपने पसंदीदा प्रतियोगियों का समर्थन कर रहे हैं। दर्शक उन्हें विजेता बनाने के लिए मतदान कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले सप्ताह प्रतियोगियों के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि हर मुकाबले के साथ विजेता की दौड़ और दिलचस्प होती जा रही है।
‘बिग बॉस 20’ के प्रसारण की शुरुआत से अब तक रोहैद खान, रिति तिवारी, अमन गांधी, ईशा रिखी और मुक्केबाज मैरी कॉम समेत कई प्रतियोगी घर से बाहर हो चुके हैं। लगातार हो रहे निष्कासनों के बाद अब घर में केवल 12 प्रतियोगी बचे हैं, जो विजेता की ट्रॉफी हासिल करने के लिए मुकाबला कर रहे हैं।
मौजूदा प्रतियोगियों में आम्रपाली दुबे, यंग डीएसए, स्काउट ओपी, आसिफ खान, लव गिल, अरिश्फा खान, उदिति सिंह, माही गिल, काजी तौकीर, गुल्लू, कनिका मान और मनीष गोयल शामिल हैं।
शो के अंतिम चरण की ओर बढऩे के साथ प्रतियोगियों के बीच मुकाबला और कड़ा होने की उम्मीद है। दर्शकों की पसंद, प्रतियोगियों का प्रदर्शन और आने वाले सप्ताहों में होने वाले मुकाबले विजेता की दौड़ को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 20 दिसंबर को ही कार्यक्रम का समापन होगा या निर्माताओं की ओर से तारीख में कोई बदलाव किया जाएगा।
अब सभी की निगाहें निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा और उन 12 प्रतियोगियों पर टिकी हैं, जिनमें से किसी एक के हाथ आखिरकार ‘बिग बॉस 20’ की विजेता ट्रॉफी लगेगी।
