बिलासपुर । ए.बी.के.एम.एस. फाउंडेशन के तत्वावधान में होटल ग्रांड अर्जुन, तिफरा में आयोजित राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन, कवि सम्मान समारोह एवं पुस्तक विमोचन गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। देशभक्ति, साहित्य और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत इस भव्य आयोजन में प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों एवं कवियों की प्रभावशाली उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में ओजस्वी कवि दीपक दुबे “सागर” (बिरकोना, बिलासपुर) ने अपने प्रखर राष्ट्रवादी काव्य-पाठ से सभागार में अद्भुत ऊर्जा का संचार कर दिया। उनकी ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रचनाओं ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा। राष्ट्र, संस्कृति और सामाजिक चेतना को समर्पित उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें समारोह में विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत उपस्थित साहित्यकारों एवं गणमान्य अतिथियों ने दीपक दुबे “सागर” को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके सशक्त साहित्यिक अवदान की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल एवं गौरवशाली साहित्यिक भविष्य की कामना व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्य न्यायाधीश, हाईकोर्ट बिलासपुर न्यायमूर्ति चन्द्रभूषण वाजपेयी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विनय कुमार पाठक (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त, छत्तीसगढ़ शासन), रमेश चंद्र श्रीवास्तव (पूर्व आई.एस.एस. अधिकारी), स्मृति वैष्णव जैन तथा डॉ. एस.एन. निराला उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार केशव शुक्ल, सुप्रसिद्ध कवि सुरेश सिंह बैस, वरिष्ठ कवि एवं समीक्षक अशोक शर्मा, छायावादी कवयित्री सुषमा बंजारे, युवा गीतकार विक्रम सेंगर, वीर रस कवि जगन्नाथ पांडे, गायत्री पाण्डेय सहित अनेक प्रतिष्ठित कवि-कवयित्रियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्रीमती किरण राठौर ने अत्यंत प्रभावशाली, सहज और गरिमामय ढंग से किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन श्री भूपेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) एवं आरती अम्बस्ट के कुशल संयोजन में संपन्न हुआ। साहित्य, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को समर्पित यह आयोजन बिलासपुर के साहित्यिक परिदृश्य में एक अविस्मरणीय उपलब्धि के रूप में स्मरण किया जाएगा।



