त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दूध-शक्कर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

SHARE:

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दूध-शक्कर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

गौरेला एवं पेंड्रा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने अभियान, कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 अक्टूबर 2026। नवरात्रि पर्व एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर  विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार बुधवार को गौरेला एवं पेंड्रा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई की।

इस दौरान टीम ने दूध विक्रेताओं से दूध के नमूने एकत्रित किए। इसके साथ ही शक्कर, साबूदाना और सूजी के नमूने भी गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

खाद्य कारोबारियों को दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ तरीके से विक्रय करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक पंजीयन कराने के लिए भी कहा गया।

नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील

जिला प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग का उद्देश्य मिलावटी या मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों से आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। वहीं, नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेट की सील, स्वच्छता और उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें