घर बैठे ऑनलाइन टोकन से धान विक्रय हुआ आसान, किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
परासी धान उपार्जन केंद्र में 16 क्विंटल धान बेचने पहुंचे किसान, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समय और श्रम की हो रही बचत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधा के लिए लागू ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी मिलने लगा है। इस व्यवस्था से किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। किसान घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर अपनी सुविधानुसार धान उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंच रहे हैं।
इसी कड़ी में मरवाही विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परासी के किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर परासी धान उपार्जन केंद्र में अपना 16 क्विंटल धान बेचने के लिए पहुंचे।
किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने कहा कि ऑनलाइन टोकन की सुविधा से समय की बचत हो रही है। पहले टोकन के लिए समिति तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घर बैठे ही यह सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को काफी राहत मिल रही है। इससे धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनी है।
उन्होंने शासन की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि कम उत्पादन वाले किसानों को भी शासन की व्यवस्था के तहत अंतर की राशि का लाभ मिलने से आर्थिक संबल मिलेगा। इससे छोटे और सीमांत किसानों को राहत मिलने के साथ उनके परिवारों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।
किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने कहा कि किसानों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था एवं किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



