बाढ़ आपदा से निपटने गंगनई जलाशय में सफल मॉक ड्रिल

SHARE:

0-बाढ़ आपदा से निपटने गंगनई जलाशय में सफल मॉक ड्रिल

0- एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने किया समन्वित रेस्क्यू अभ्यास

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए गंगनई जलाशय, मरवाही में जिला स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, राजस्व, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों ने वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल के दौरान भारी बारिश से जलमग्न क्षेत्र में फंसे लोगों तथा एक टापू पर फंसे ग्रामीणों और बकरियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन टीम द्वारा संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

एसडीआरएफ की टीम ने लाइफ जैकेट, मोटर बोट एवं आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ टापू तक पहुंचकर फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद मेडिकल टीम ने प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच की। सामान्य स्थिति वाले लोगों को अस्थायी राहत शिविर में रखने तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।

इंसीडेंट कमांडर की निगरानी में मौके पर राहत शिविर, अस्थायी अस्पताल एवं रेस्क्यू दल के लिए अलग शिविर स्थापित किए गए। मॉक ड्रिल के अगले चरण में बाढ़ के कारण पुल ढहने की काल्पनिक स्थिति में गांव में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। इसके बाद अस्पताल के पीछे का हिस्सा ढहने की स्थिति निर्मित कर वहां फंसे मरीजों के रेस्क्यू की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।

अभ्यास के दौरान आपदा प्रबंधन से संबंधित निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षमता को परखा गया। मॉक ड्रिल समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में अपने-अपने विभाग की जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली एवं आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर  दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अविनाश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम सहित तहसीलदार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment