रैंप योजना के तहत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला संपन्न

SHARE:

0- उद्यमियों को वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग सुविधाओं का सुगम लाभ दिलाने तथा उद्यमियों और बैंकिंग संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रैंप योजना के अंतर्गत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला का आयोजन बुधवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर  विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में उद्यमियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), खाद्य उत्पादक संगठन (एफपीओ) सहायता सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए बैंकों तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करना तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करना रहा। इस दौरान उद्यमियों एवं हितग्राहियों ने बैंकिंग और शासकीय योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों द्वारा समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बिहान की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं, उद्यमियों एवं बैंकर्स सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  दिलेराम डाहिरे, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र  एल.पी. गुप्ता, प्रबंधक  सुनील पाण्डेय, सीएमएस सोनी, एसएमई सेंटर नीतिन राठौर सहित भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, आईडीबीआई बैंक एवं अन्य बैंकिंग संस्थाओं के शाखा प्रबंधक तथा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment