गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय अभियान के अंतर्गत जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अभिहित अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कोटमी, मरवाही एवं पेंड्रा क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मा करणी मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं कुंदा के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं जोधपुर मिष्ठान्न भंडार में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह पेंड्रा स्थित स्वीट इंडियन रेस्टोरेंट से बर्फी का नमूना जांच हेतु संकलित किया गया। एक किराना प्रतिष्ठान से मगज लड्डू का नमूना भी लिया गया। सभी संकलित नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार एवं संग्रहित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से मिठाइयों की तैयारी, भंडारण, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग पर ध्यान देने की समझाइश दी।
‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के साथ खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। विभाग द्वारा अभियान के तहत जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




