बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले आरोपी बृहस्पति कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब आरोपी दिनांक 30 जनवरी 2025 को अपनी सकुनत पर आया था।
मामला खमतराई स्थित शासकीय भूमि के कब्जे से जुड़ा हुआ था, जहाँ आरोपी और उनके साथियों ने अवैध तरीके से भूमि पर कब्जा किया था। पुलिस ने 7 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनके खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
प्रार्थी रमेश कुमार वैष्णव की रिपोर्ट पर 15 अक्टूबर 2024 को पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी, जिसमें यह सामने आया कि आरोपियों ने शासकीय भूमि की खरीदी-बिक्री की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे।
अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई, जिसमें उप निरीक्षक कृष्णा साहू और निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी बृहस्पति कश्यप को अब न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।