मरवाही । वन मंडल एक बार फिर अवैध कटाई और चंदन तस्करी को लेकर चर्चा में है। ताजा मामला वन विभाग के सुरक्षित माने जाने वाले परिसर से सामने आया है, जहां अज्ञात तस्करों ने रेंजर आवास के ठीक सामने लगे बेशकीमती चंदन के पेड़ को काटकर पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित रेंजर और डिप्टी रेंजर के सरकारी आवास के सामने लगे चंदन के पेड़ को रातों-रात काट दिया गया। तस्कर पेड़ के मुख्य हिस्से को अपने साथ ले गए, जबकि शाखाएं और टहनियां मौके पर ही छोड़ दी गईं। सुबह अधिकारियों की नजर पेड़ के कटे हुए ठूंठ पर पड़ी, तब इस चोरी का खुलासा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान को चौबीसों घंटे सुरक्षित माना जाता है, वहीं से चंदन जैसे कीमती पेड़ का गायब हो जाना वन विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग अपने परिसर में लगे पेड़ों की सुरक्षा नहीं कर पा रहा है, तो जंगलों में स्थित बहुमूल्य वृक्षों की सुरक्षा कैसे हो रही होगी।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक तस्करों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। वहीं, इस घटना ने क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों के हौसलों को भी उजागर कर दिया है।




